सहारनपुर में भगत सिंह की प्रतिमा शरारती तत्वों द्वारा खंडित करने का मामला सामने आया है। हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने कार्रवाई की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया है।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सहारनपुर जिले के मल्हीपुर रोड स्थित सनसिटी कॉलोनी के निकट स्थापित शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा शरारती तत्वों ने खंडित कर दी। इसका पता लगते ही हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों में आक्रोश फैल गया।
विज्ञापन
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा। इसके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में वंदेमातरम चिंगारी एक ट्रस्ट के संस्थापक विजयकांत चौहान का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने तक उनका धरना जारी रहेगा। इसके साथ भूख हड़ताल भी शुरू की जाएगी। मामले से शासन-प्रशासन को भी अगवत कराया गया है।
विज्ञापन
एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच को पुलिस मौके पर गई थी। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। इसके साथ ही नई प्रतिमा भी मौके पर लगवाई जाएगी। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।