मुजफ्फरनगर जनपद में ककरौली थाना क्षेत्र के कम्हेड़ा-तेवड़ा मार्ग पर शनिवार तड़के शादी समारोह से काम कर लौट रहे मीट कारोबारी की बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी। सुबह लहूलुहान कारोबारी जंगल में ट्यूबवेल पर पड़ा मिला, जिसे जिला अस्पताल से मेरठ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत पसर गई।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव तेवड़ा के मोहल्ला बारा बिस्सा निवासी मूसा (45) पुत्र यामीन मुर्गा मीट सप्लाई के साथ ही रसोइयां था। शुक्रवार रात वह भाई गफ्फार व बेटे सत्तार के साथ गांव कम्हेड़ा निवासी तैय्यब के यहां शादी में मीट लेकर गया था। खाना बनाने के बाद देर रात ही गफ्फार व सत्तार घर लौट गए थे, जबकि मूसा पेमेंट लेकर आने की बात कहकर वहीं रुक गया था। शनिवार सुबह तक भी जब मूसा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने कम्हेड़ा में तैय्यब को फोन कर उसके बारे में पूछा, जहां मूसा के सुबह चार बजे ही घर लौटने की जानकारी मिली। इस पर परिजनों ने मूसा की तलाश शुरू कर दी। सुबह करीब 7.30 बजे किसी राहगीर ने ककरौली पुलिस को कम्हेड़ा-तेवड़ा मार्ग स्थित ट्यूबवेल पर एक व्यक्ति के लहूलुहान हालत में पड़े होने की जानकारी दी, जिस पर एसओ जितेंद्र अंबावत टीम के साथ मौके पर पहुंचे।