री-मेडिकल में धांधलेबाजी के आरोपों की आज होगी जांच
मेरठ। 44वीं वाहिनी पीएसी में चल रही री-मेडिकल में धांधलेबाजी का आरोप लगाकर परीक्षार्थियों ने मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। प्रकरण की जांच शनिवार को जिला अस्पताल में कराई जाएगी। परीक्षार्थियों ने अंदेशा जताया है कि जांच में भी खेल हो सकता है। उनकी मांग है कि उच्च अधिकारी के निगरानी में इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।
हापुड़ रोड स्थित 44 वीं वाहिनी पीएसी में 24 अगस्त से परीक्षार्थियों का री-मेडिकल की प्रकिया चल रही है। जिसमें कई परीक्षार्थी अनफिट कर दिए। परीक्षार्थियों ने एसएसपी मेरठ से लेकर मुख्यमंत्री तक मामले की शिकायत की है। आरोप है कि एक डॉक्टर ने धांधलेबाजी कर दी है। डॉक्टर ने परीक्षार्थियों की री-मेडिकल में फिट घोषित करने की एवज में रुपये की मांग की थी।
परीक्षार्थियों ने रुपये नहीं दिया तो डॉक्टरों ने उन्हें अनफिट कर दिया। इस मामले की शिकायत पर मुख्यमंत्री और पुलिस अधिकारियों द्वारा जांच कराई जा रही है। इस मामले में अनफिट परीक्षार्थियों के बयान और री-मेडिकल शनिवार को जिला अस्पताल में किया जाएगा। परीक्षार्थियों ने बताया कि एक परीक्षार्थी आर्मी की भर्ती में मेडिकल में फिट पाया गया, जिसके डॉक्टर ने अनफिट कर दिया था।