मेरठ के लालकुर्ती क्षेत्र में शुक्रवार को काले रंग की स्कूटी पर सवार बदमाश ने लगातार दो महिलाओं के कुंडल लूटकर सनसनी फैला दी। इनमें से एक वारदात के वक्त तो ट्रैफिक पुलिस कुछ ही दूरी पर थी लेकिन वह बदमाश को नहीं पकड़ सकी। महिला ने थाने में तहरीर दी जबकि दूसरी महिला परिजनों के साथ थाने आकर तहरीर देने की बात कहकर लौट गई। वहीं, पुलिस घटना को छिपाने का प्रयास करती रही। आरोपी लाल टी-शर्ट पहने हुए सीसीटीवी में कैद हुआ है।
मां के साथ बैक जा रही थी महिला
गढ़ रोड आम्रपाली के पास रहने वाली शालिनी रस्तौगी शुक्रवार दोपहर अपनी मां रेखा को साथ लेकर कैंट क्षेत्र के स्टेट बैंक आ रही थीं। बेगमपुल पर बस से उतरकर उन्होंने ई-रिक्शा किया और बैंक चल दीं। जादूगर की कोठी चौराहे के पास अचानक पीछे स्कूटी पर सवार बदमाश ने महिला की ओर झपट्टा मारा। उसने कुंडल लूट लिया और सदर की ओर भाग निकला। चंद कदम की दूरी पर ट्रैफिक पुलिस के कुछ पुलिसकर्मी मौजूद थे। दोनों महिलाएं जैसे ही चिल्लाई ट्रैफिक पुलिसकर्मी आरोपी की ओर दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
चंद घंटों में हुई दूसरी वारदात
बताया जाता है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने थोड़ी दूर तक बदमाश का पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। महिला रोते हुए अपनी मां को लेकर सीधे लालकुर्ती थाने आ गई। यहां बामुश्किल महिला को शांत कराया जा सका। बताया गया है कि इससे पूर्व इसी स्कूटी पर सवार बदमाश ने एक और वारदात की थी। उसने बेगमपुल पर ई-रिक्शा के इंतजार में खड़ी कंकरखेड़ा निवासी सोनिया के कान का कुंडल लूट लिया और भाग निकला। इसके बाद ही उसने दूसरी वारदात की। महिला अपने दो बच्चों के साथ लालकुर्ती पैंठ में शापिंग के लिए पहुंची थी। लोगों ने थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात भी की, लेकिन बाद में रोष जताते हुए चली गई। लगातार दो वारदात के बावजूद पुलिस मामले को छिपाने का प्रयास करती रही है।