सहारनपुर में एक स्कूल बस से बाइक टकराने के बाद एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को अपने गांव ले गए, जबकि घायल को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
सहारनपुर बेहट थाना क्षेत्र में मिर्जापुर-सुंदरपुर रोड पर स्कूल बस और बाइक की टक्कर हुई। हादसे में बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल है। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्कूल बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
हादसा सोमवार की सुबह करीब दस बजे जसमौर गांव के पास साधन सहकारी समिति वाले घूम पर हुआ। मिर्जापुर स्थित ग्लोकल स्कूल की बस बच्चों को लेकर मिर्जापुर जा रही थी।
साधन सहकारी समिति के पास घूम पर बस सामने से आई बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक पर सवार नौशाद पुत्र दिलशाद, मुनव्वर व मुख्तयार पुत्र कामिल निवासी गांव खुवाशपुर थाना मिर्जापुर सड़क पर गिरने से घायल हो गए।
उन्हें 108 एम्बुलेंस से सीएचसी बेहट पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने के चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मुख्तयार की मौत हो गई।
परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को अपने गांव ले गए, जबकि घायल को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। हादसे के जिम्मेदार बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के परिजनों की तरफ से हादसे से संबंधित तहरीर नहीं दी गई है और न ही पोस्टमार्टम कराया गया है।