मेरठ में नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य एवं पार्षद गफ्फार अहमद सोमवार को नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर भुट्टे भूनते नजर आए तो लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। गफ्फार अहमद ने कहा कि नगर आयुक्त अपने कार्यालय में उपस्थित नहीं हैं। यदि प्रदर्शन के बाद भी वह नहीं जागते हैं तो आगे आंदोलन बढ़ाया जाएगा।
मेरठ में सोमवार को एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। नगर निगम बोर्ड के चार साल के कार्यकाल में निगम कार्यकारिणी और बोर्ड की बैठक में उठाए गए शहर के विकास के प्रस्तावों पर काम न होने से नाराज पार्षद गफ्फार अहमद सोमवार को नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर भुट्टे भूनने के लिए बैठ गए और प्रदर्शन किया। वहीं पार्षद को भुट्टे भूनते देख लोगों की भीड़ ही इकट्ठा नहीं हुई, बल्कि खरीदने वाले भी आगे आ गए।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य एवं पार्षद गफ्फार अहमद सोमवार को नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर भुट्टे भूनते नजर आए तो लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। वहीं कई लोगों ने भुट्टा भी खरीदना शुरू कर दिया। इसी बीच गफ्फार अहमद ने चार साल में कार्यकारिणी और बोर्ड में रखे गए प्रस्तावों की पुस्तिका दिखाते हुए कहा कि इस पुस्तिका में शहर के विकास का लेखा-जोखा है, जो नगर निगम के सभी दलों के पार्षदों ने बोर्ड बैठकों में उठाया है।
उन्होंने कहा कि बैठक में पास हो गए लेकिन नगर निगम के अधिकारियों ने निगम पार्षदों के अधिकतर प्रस्ताव पर कोई काम नहीं किया है। नगर निगम के पार्षद अपने क्षेत्र की जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मजबूर होकर उन्होंने नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर भुट्टे भूनने का कार्यक्रम रखा है। अगर इससे भी नगर निगम के अधिकारी नहीं जागते हैं तो आंदोलन की दूसरी रूपरेखा तैयार की जाएगी।
गफ्फार अहमद ने कहा कि नगर आयुक्त अपने कार्यालय में उपस्थित नहीं हैं। यदि प्रदर्शन के बाद भी वह नहीं जागते हैं तो आगे आंदोलन बढ़ाया जाएगा।