मेरठ में मवाना के गांव कुड़ी कमालपुर निवासी राहुल वर्मा की हत्या 85 लाख रुपये के विवाद में पार्टनर ने की थी। पुलिस पार्टनर, सगे भाई व एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं गुरुवार को मृतक के पिता ने पार्टनर के खिलाफ हत्या की तहरीर दी थी।
मवाना कोतवाली के गांव कुड़ी कमालपुर निवासी राहुल वर्मा (28 वर्ष) सोमवार शाम घर से साइकिल पर मवाना आया था। मंगलवार सुबह उसका शव गांव के नजदीक सड़क किनारे पड़ा मिला। उसकी हत्या गला घोंटकर की गई थी। राहुल के शरीर पर मिले निशान बता रहे थे कि उसने हत्यारों से अंतिम सांस तक दो-दो हाथ कर अपने आप को बचाने का प्रयास किया था। बदमाशों ने राहुल के शव को जलाने का भी प्रयास किया था।
गुरुवार को मृतक राहुल वर्मा के पिता नरेश ने लव गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि राहुल आरोपी लव गुप्ता के साथ पार्टनरशिप में फाइनेंस का काम करता था। दोनों के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर दो माह से विवाद चल रहा था। 25 अक्तूबर को राहुल आरोपी के पास जाने की बात कहकर घर से निकला था। पिता का आरोप है कि आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर राहुल के रुपये हड़पने की नीयत से हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें: हस्तिनापुर: राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने बुलेट से किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा, नष्ट हुई फसल का दिलाएंगे मुआवजा
वहीं गुरुवार शाम पुलिस ने नामजद आरोपी लव गुप्ता और मृतक के सगे भाई व एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। एसपी देहात केशव कुमार भी थाने पहुंचे और हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से पूछताछ की।
यह भी पढ़ें: कबाड़ियों पर शिकंजा: सोतीगंज में विरोध के बीच आदिल के घर कुर्की की कार्यवाही, भारी पुलिस बल रहा तैनात
सीओ उदय प्रताप सिंह का कहना है कि मृतक के दोस्त एवं पार्टनर नामजद आरोपी लव गुप्ता, मृतक के सगे भाई और एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पता चला कि रुपयों के कारण राहुल वर्मा की हत्या की गई। नानी ने जमीन मृतक की मां के नाम की थी। जिसका लगभग 85 लाख रुपया था। जल्द ही मामले का पूरी तरह से खुलासा कर दिया जाएगा। हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों से अभी पूछताछ जारी है।