केंद्रों पर पहुंचे 67 खाली सिलिंडर, आज मिलेगी ऑक्सीजन
मेरठ। होम आइसोलेट मरीजों के लिए शुरू की गई ऑक्सीजन सेवा के पहले दिन नगर निगम के तीनों सेंटरों पर ऑक्सीजन के 67 खाली सिलिंडर पहुंचे। सोमवार शाम तक इनमें ऑक्सीजन भरवाकर मरीज के परिजनों को दे दी जाएगी। सबसे ज्यादा सिलिंडर परतापुर केंद्र पर आए।
सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय ने बताया कि दिल्ली रोड स्थित नवभारत विद्यापीठ इंटर कॉलेज सेंटर पर 43, जागृति विहार सेक्टर तीन स्थित सामुदायिक केंद्र पर 15 और सामुदायिक भवन डिफेंस एन्क्लेव कंकरखेड़ा केंद्र पर 9 खाली सिलिंडर जमा कराए गए। सिलिंडर जमा कराते समय परिजन और मरीज के आधार कार्ड की छाया प्रति, डॉक्टर का इलाज वाला पर्चा, ऑक्सीजन लेवल व कोरोना रिपोर्ट आदि कागज लिए गए।
इसके बाद मरीज व परिजन का फोन नंबर, घर का पता आदि रजिस्टर में अंकित करने के बाद सिलेंडर जमा कराया गया। सिलेंडर पर नाम व नंबर डाला गया। रविवार को लिए गए सिलिंडर सोमवार शाम तक दिए जाएंगे। सिलेंडर आते ही परिजनों को फोन से सूचना भेज दी जाएगी। बड़ा सिलिंडर 600 रुपये और छोटा 200 रुपये में भरा जा रहा है। इस प्रक्रिया से लोगों के साथ हो रही लूट बंद हो सकेगी। मरीज के परिजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सेंटर पर खाली सिलिंडर जमा करा सकते हैं।
-----
3800 ऑक्सीजन सिलिंडर की हुई आपूर्ति
रविवार को शहर के गैस प्लांटों से लोगों और अस्पतालों को 38 सौ ऑक्सीजन सिलिंडर की सप्लाई की गई। एडीएम सिटी अजय तिवारी ने बताया कि रविवार दोपहर 12 बजे तक 24 घंटे में कंसल गैस एजेंसी मोहिउद्दीन से 1079, मेडिओक्सी बिजौली हापुड़ रोड से 1311, अग्रवाल गैस एजेंसी से 450 और माहेश्वरी गैस एजेंसी से 961 ऑक्सीजन सिलिंडर की आपूर्ति की गई। 24 घंटे में कुल 38 सौ सिलिंडरों की आपूर्ति हुई है। 24 घंटे में मेडिओक्सी को 8.5 टन, कंसल गैस एजेंसी को 9.5 टन, अग्रवाल गैस एजेंसी को 4.1 टन और कृष्णा गैस एजेंसी को 10 टन ऑक्सीजन प्राप्त हुई।
---
एक घंटे में मिले सिलिंडर
परतापुर। रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोगों ने एक घंटे में सिलिंडर देने की मांग की है। राकेश, मोहित सुमित आदि का कहना है कि 24 घंटे तक मरीज ऑक्सीजन के बिना कैसे रहेगा। वहीं रविवार को परतापुर क्षेत्र के चारों प्लांटों पर ऑक्सीजन की मारामारी रही। माहेश्वरी गैस प्लांट पर पंपिंग सिस्टम में कमी आ गई, जो काफी देर बाद सुचारु हो सकी।