डेंगू के 13 नए मरीज मिले, फाजिलपुर पहुंचे डीएम
मेरठ। डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़त रही है। शनिवार को डेंगू के 13 नए मरीज मिले। जिले में अब तक 76 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 42 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 34 मरीज ठीक हो चुके हैं। जिलाधिकारी के. बालाजी ने शनिवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मलियाना के अंतर्गत फाजिलपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां डेंगू के मरीज मिले हैं। लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया।
जो मरीज मिले हैं वह मलियाना, जानी, जयभीमनगर, कंकरखेड़ा और दौराला के रहने वाले हैं। इन स्थानों पर मलेरिया विभाग एंटी लारवा स्प्रे और फॉगिंग कराई है। साथ ही लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि वह घर में या अपने आसपास पानी ना भर में दें। डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है। इसलिए पानी भरा रहने पर मच्छर पनपने का खतरा रहता है। बारिश का मौसम है और इसमें घरों में जगह-जगह पानी भर जाता है, जिसमें डेंगू फैलाने वाले मच्छर पनप जाते हैं। लिहाजा एहतियात बरतें। उधर, डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम के साथ क्षेत्रीय भ्रमण किया, मोहल्ले के लोगों से कूलर तथा अन्य स्थानों पर पानी एकत्र नहीं करने की अपील की। क्षेत्र में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ब्यूरो
--------------
69945 घरों में बुखार से पीड़ित मिले 317 लोग
मेरठ। स्वास्थ्य विभाग की 1273 टीमों ने शनिवार को घर-घर भ्रमण कर 69945 घरों का सर्वे किया। इनमें 317 लोग बुखार से पीड़ित थे। बुखार से पीड़ित लोगों की डेंगू और मलेरिया की जांच कराई जाएगी। इनके अलावा 45 साल से अधिक उम्र के 10404 लोग ऐसे मिले, जिन्होंने कोरोना से बचाव की वैक्सीन नहीं लगवाई है, 723 गर्भवती महिलाएं और दो साल तक के 2176 बच्चों ने रूटीन टीकाकरण नहीं कराया है।
यह अभियान 16 सितंबर तक चलाया जा रहा है। शनिवार को अभियान का पांचवा दिन था। 12 ब्लॉक और 24 शहरी क्षेत्रों में सर्वे किया जा रहा है। इस दौरान सात लाख 55 हजार घरों का सर्वे करना है। इसमें डेंगू, मलेरिया, टीबी और चिकनगुनिया के मरीजों का चिन्हीकरण किया जाएगा। इसके अलावा नियमित टीकाकरण से वंचित दो साल से कम आयु के बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं कोरोना से बचाव का टीका न लगवाने वाले 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का भी चिन्हीकरण किया जा रहा है। ब्यूरो