मेरठ। एक्सप्रेसवे पर अभी भी बिना किसी रोकटोक के प्रतिबंधित वाहनों का आवागमन जारी है। कमिश्नर सुरेंद्र सिंह समीक्षा बैठक में कई बार एक्सप्रेसवे पर ऑटो और बाइक पर प्रतिबंध लगाने के लिए कह चुके हैं। हाल ही में शुक्रवार को भी समीक्षा बैठक में भी उन्होंने गाजियाबाद के अधिकारियों से इस प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी शनिवार को ऑटो और बाइक एक्सप्रेसवे पर चलते रहे।
कई बार एक्सप्रेसवे पर इन वाहनों के कारण हादसे हो चुुके हैं। शुक्रवार को ही एक युवक की एक्सप्रेसवे पर हादसे में मौत हो गई। इसके बाद भी लापरवाही बरती जा रही है। एक्सप्रेसवे पर शुरुआत से ही ऑटो और बाइक का दौड़ना जारी है। कई बार यहां यातायात पुलिस को लगाकर इन्हें रोकने के दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है। इसके लिए एनएचएआई भी प्रशासन से इसके लिए वार्ता कर चुका है। टोल प्लाजा शुरू होने के बाद ही इन पर प्रतिबंध लग सकता है। टोल शुरू होने के बाद इन्हें काशी टोल प्लाजा के आगे नहीं दिया जाएगा।