मऊ। कोतवाली थाना क्षेत्र के दो स्थानों पर सोमवार की रात लगभग आठ बजे सड़क दुर्घटना में एक अधिवक्ता सहित दो लोग बुरी तरह घायल हो गए। एक युवक के पैर में चोटे आई हैं। दूसरी घटना में अधिवक्ता को सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों घायलों को निजी हॉस्पिटलों में भर्ती कराया गया है।
आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के देवकली तारन गांव निवासी प्रवीन दुबे (28) पुत्र सुरेश दुबे अपनी दुपहिया वाहन से सोमवार को रात आठ बजे आजमगढ़ से वापस आ रहा था। मुहम्मदबाद कोतवाली क्षेत्र में मुहम्मदाबाद आजमगढ़ रोड पर बनियापार गांव के पास चार पहिया वाहन से टकराकर वह अपनी बाइक समेत सड़क पर गिर गया। दुर्घटना से दाहिना पैर बुरी तरह से जख्मी हो गया। जानकारी मिलने पर खैराबाद चौकी प्रभारी ओम सिंह मौके पर पहुंचे और घायल की सीएचसी भेजवाया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने प्रथम उपचार के बाद रेफर कर दिया। कस्बा के ही एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दूसरी घटना में स्थानीय तहसील के अधिवक्ता जयप्रकाश सिंह पटेल (58) रात को अपने घर बनियापार जा रहे थे। इस दौरान बरहदपुर कुटी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार दो पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया जिससे उनके सिर में काफी चोटें आई हैं। उन्हें आजमगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों घटनाओं में घायलों के परिजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।