Mau News: मऊ जिले की पुलिस ने जीप को टक्कर मारने वाले ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। 29 अप्रैल की रात गस्त के दौरान हुई दुर्घटना में हेड कांस्टेबल की जान चली गई थी।
मऊ जिले की घोसी कोतवाली क्षेत्र के बनियापार मोड़ के पास पुलिस जीप को टक्कर मारने वाले ट्रेलर चालक को पुलिस टीम ने शनिवार की सुबह मझवारा बाजार से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। सुनवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
29 अप्रैल की रात हुई इस दुर्घटना में वाराणसी जिले के चितईपुर थाना क्षेत्र के कर्मजीतपुर निवासी हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव (45) की मौत हो गई। उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह (54), हेड कांस्टेबल प्रीतम कुमार यादव (50) और ओमप्रकाश (40) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी कोतवाली के द्वितीय मोबाइल जीप से रात्रि गस्त पर निकले थे।
एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि घोसी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद अज्ञात ट्रेलर और चालक की तलाश के लिए एसओजी टीम के साथ चार टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने घटनास्थल के दोनों तरफ गोरखपुर से लेकर बलिया और गाजीपुर हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। जिसमें 18 पहियों वाले ट्रेलर की पहचान हुई।
उस आधार पर ट्रेलर मालिक बिंद्रेश कशोधन से बात करने पर पता चला कि उस रात ट्रेलर महाराजगंज जिले के रौतार निचलौल निवासी संतोष यादव चला रहा था। चालक के मोबाइल नंबर के सीडीआर के आधार पर घटनास्थल पर उसकी मौजूदगी पाई गई। चालक ने पूछताछ के दौरान अपनी गलती स्वीकार की है।