रानीपुर। क्षेत्र के बख्तावरगंज स्थित विद्युत उपकेंद्र के फीडर नंबर तीन के इनकमिंग फीडर में मंगलवार की रात चूहा घुस जाने से इनकमिंग बीसीवी के पेनल स्पाउट फट गया। इसके चलते 20 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप है। इससे लोगों को अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है। देर शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी थी।
क्षेत्र के बख्तावरगंज स्थित विद्युत उपकेंद्र के चार फीडर से 50 से अधिक गांवों को विद्युत आपूर्ति की जाती है। मंगलवार की रात लगभग 11 बजे फीडर नंबर तीन के इनकमिंग फीडर में चूहा घुस जाने से इनकमिंग बीसीवी के पेनल स्पाउट फट गया। जिसके कारण तीन और चार फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई। फाल्ट के कारण मंगलवार की रात से ही इन फीडरों से संबंधित सनेगपुर, बैजापुर, कासिमपुर, खुरहट, अमारी, अमरहट, मडिया ऊसर,रैनी सहित 50 गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई। जिससे रात भर अंधेरा पसरा रहा। बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण एक ओर जहा कुटीर उद्योग धंधा पर असर पड़ रहा था। विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के कारण पेयजल की समस्या से जूझना पड़ा।
विभागीय कर्मचारी फाल्ट को ठीक करने में लगे थे। लेकिन देर शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी थी। इस बाबत अवर अभियंता जेपी पटेल का कहना था कि फीडर नंबर तीन के इनकमिंग फीडर में चूहा घुस जाने के कारण स्पाउट फट जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। फाल्ट को ठीक करने का कार्य चल रहा है जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।