मऊ। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ द्वारा उपलब्ध करायी गई फुड सेफ्टी आन व्हिल्स (मोबाइल टेस्टिंग लैब वैन) ने बुधवार को नदवासराव भिखारीपुर तथा घोसी बाजार में खाद्य सामग्रियों की जांच की। टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 50 नमूनों की जांच की। इस दौरान टीम द्वारा जांच में 50 नमूनों में से 16 नमूने मानक के अनुरूप नहीं मिले। मोबाइल टेस्टिंग लैब द्वारा दूध से निर्मित मिठाइयों के 26 नमूनों की जांच मौके पर की गयी, जिनमें 12 नमूने मानक के अनुरूप नहीं थे। साथ ही अन्य मिठाइयों के 15 नमूनों की जांच मौके पर की गई, जिनमें चार नमूने मानक के अनुरूप नहीं मिले।
टीम ने सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं तथा आम लोगों को अपमिश्रण से होने वाले दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक भी किया। ऐसे खाद्य कारोबारकर्ताओं जिनके प्रतिष्ठान से जांच हेतु लिए गए नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाये गये उन्हें कठोर चेतावनी देते हुये भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न किये जाने के सख्त निर्देश दिए गए। मोबाईल टेस्टिंग लैब वैन से खाद्य पदार्थों के विश्लेषण का कार्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बिन्दु पांडेय तथा रामानंद ने किया। इसके साथ ही मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके दीक्षित के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार यादव और जयहिन्द राम ने कोपागंज बाजार स्थित मिठाई की दुकानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान मिलावट के संदह में विवेक कुमार के प्रतिष्ठान से विक्रय हेतु रखे छेना मिठाई का नमूना लिया। कसारा मोड़ स्थित प्रयाग स्वीट्स से विक्रय हेतु रखे खोए का नमूना लिया गया। सभी खाद्य सामग्रियों को जांच के लिए लखनऊ की प्रयोगशाला भेजा गया। टीम ने आठ किलोग्राम खोए को जब्त करते हुए सचल दल द्वारा मौके पर नष्ट करा दिया गया।