मऊ। घोसी तहसील क्षेत्र के अकोल्ही मुबारकपुर गांव की दलित बस्ती में एक कच्चा मकान गिर जाने से भवन स्वामी दूधनाथ राम की मौत हो गई। चार दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते सोमवार की भोर में अकोल्ही मुबारकपुर गांव निवासी दूधनाथ (66 वर्ष) पुत्र जंगली कटरैन वाले अपने कच्चे मकान में सो रहे थे कि सोमवार की भोर लगभग ढाई बजे बारिश से कच्ची दीवार उनके ऊपर गिर गई।
जिससे उसके मलवे में दब गए। काफी मेहनत के बाद उनको मलवे को हटा कर बाहर निकाला गया। आनन फानन में परिजन उन्हें सीएचसी घोसी ले गये। जहां चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन घर आकर उन्हें कहीं ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उनकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे प्रभारी तहसीलदार जयप्रकाश यादव व उनकी राजस्व टीम ने हुए नुकसान का आंकलन किया। वहीं मौके पर पहुंची घोसी कोतवाली पुलिस ने सारी औपचारिकताऐं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मऊ भिजवाया।