मऊ। शहर के मुंशीपुरा रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे से रेलवे स्टेशन के टिकट घर की ओर जाने वाली सड़क के किनारे नगर पालिका जल्दी ही नाला निर्माण कराएगी। यह नाला रेलवे स्टेशन से रोडवेज जानी वाली सड़क के किनारे से होते हुए डीसीएसके पीजी कॉलेज के पास मुख्य नाले में मिल जाएगा। रेलवे की मंजूरी के बाद अब नगर पालिका टेंडर प्रकाशन की तैयारी कर रही है। इस नाले के बनने से मुंशीपुरा ओवरब्रिज के नीचे गुजरने वाली सड़क पर जलजमाव की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी।
रेलवे स्टेशन के पूरब तरफ मुंशीपुरा ओवर ब्रिज से बाल निकेतन के पास पेट्रोल पंप तक जाने वाली सड़क के किनारे नाला निर्माण नहीं किया गया है। इसके चलते मुंशीपुरा ओवर ब्रिज से रेलवे स्टेशन के बीच सड़क पर पानी जमा हो जाता है। सड़क नीची होने और जलनिकासी का माध्यम न होने से बरसात और घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर ही जमा होता है। इस सड़क से गुजरने वालों को सड़क पर जमा पानी के बीच से होकर आना जाना पड़ता है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी रेलवे की भूमि में जमा होता रहता है। नगर पालिका द्वारा से कई दशक से इस सड़क के किनारे नाला निर्माण की मांग की जाती रही है।
नगरपालिका अध्यक्ष तय्यब पालकी अपने पूर्व के कार्यकाल से ही इसके लिए प्रयासरत थे। उनका कहना था कि यदि रेलवे नाला निर्माण कराए अथवा मंजूरी दे तो नगरपालिका खुद नाला निर्माण करा देगी। लेकिन यह मांग काफी सालों से लंबित थी। इससे मुंशीपुरा मुहल्ला वासियों से लेकर इस रोड से आने जाने वालों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। वर्तमान पालिकाध्यक्ष तय्यब पालकी के प्रयासों ने रंग लाया और रेलवे ने इस सड़क के किनारे से आबादी की ओर नाला निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब नगर पालिका इस सड़क के किनारे से नाला निर्माण कराने जा रही है।
अखिल भारतीय व्यापार मंडल के के अध्यक्ष डॉ. राम गोपाल गुप्त ने कहा कि इस सड़क पर लगने वाले गंदे पानी से आने जाने वालों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। रेलवे विभाग के अधिकारियों की सहृदयता से अब नाला निर्माण हो जाने से इससे निजात मिलेगी। मुंशीपुरा निवासी वरिष्ठ नागरिक राम प्रसाद वर्मा ने कहा कि नाला निर्माण हो जाने के बाद इस मार्ग से सुबह टहलने वाले वृद्धों और महिलाओं को सुविधा हो जाएगी।
इस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष तय्यब पालकी ने बताया कि रेलवे अधिकारियों की स्वीकृति के बाद इस सड़क के किनारे नगर पालिका नाला निर्माण की प्रकिया अपना रही है। शीघ्र टेंडर प्रकाशित किए जाएंगे। इसके बाद नाला निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। इस नाला निर्माण से मुंशीपुरा ओवर ब्रिज और रेलवे स्टेशन के बीच सड़क पर जलजमाव की समस्या से निजात मिल लाएगी।