दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख
- फोटो : अमर उजाला
मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के करहा बाजार में बृहस्पतिवार की देर रात रेडीमेड कपड़े की दुकान में आग लग गई। आगलगी के कारण दुकान से सटे एक मोबाइल शॉप भी उसकी चपेट में आ गया। जिससे दोनों दुकानों लगी आग के कारण करीब 11 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग कैसे लगी, इसका कारण स्पष्ट नहीं है।
देर रात करीब एक बजे तेज लपटों को उठता देख स्थानीय लोगों ने सूचना दुकानदारों को दी। मौके पर पहुंचे दुकानदार और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन तबतक दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया।
करहां गांव निवासी राहुल सिंह ने 10 दिन पहले 16 अगस्त को करहां बाजार में रेडीमेड कपड़े और जनरल स्टोर की दुकान खोली थी। रोज की भांति वह बृहस्पतिवार रात दुकान बंद कर घर चले गए। आधी रात को लगभग एक बजे दुकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। जिससे उनकी दुकान में रखा लगभग 10 लाख रुपए का सामान राख हो गया।
वहीं ठीक बगल में स्थित समीर मोबाइल शॉप भी आग की चपेट में आ गई। उसमे रखा लैपटॉप, मोबाइल सहित एक लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। रात को स्थानीय लोगों ने दुकान से तेज धुआं और लपटें उठता देख दोनों दुकानदारों को सूचना दी।