मऊ में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच सेवा कर रही स्वास्थ्य टीम को भी लोग नही बख़्श रहे। बुधवार को सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बहरीपुर गांव में पॉजिटिव मरीजों को लेने गई स्वास्थ्य टीम के साथ मनबढ़ों ने अभद्रता की बाद में हमला कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। बाद में काफी समझाने के बाद परिजन तथा ग्रामीण शांत हुए और मरीजों को मेडिकल टीम कोविड अस्पताल ले जाने में सफल रही।
बुधवार को वाराणसी से आई आरटीपीसीआर की जांच में परदहा ब्लाक के बहरीपुर गांव के पांच लोग संक्रमित मिले। जब टीम मेडिकल टीम एंबुलेंस के साथ मरीजों को लेने पहुंची तो परिजनों ने इसका विरोध कर दिया। परिजनों के पक्ष में ग्रामीण भी आ गए। इस परिस्थिति को देखकर मेडिकल टीम ने सरायलंखसी पुलिस को सूचना दी।
जब पुलिस फोर्स भी पहुंची तो परिजन मरीज को भेजने के लिए तैयार होते नहीं दिखे। वहीं उनका विरोध ओर तेज हो गया। बाद में मेडिकल टीम के चिकित्सकों तथा पुलिस अधिकारियों ने उन्हें मरीज को घर पर रहने से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताते हुए बेहतर उपचार के लिए कोविड अस्पताल भेजने की अपील की। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद परिजन इस बात को माने और मेडिकल टीम के साथ मरीजों को भेजा।