मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे में लगे अवैध होर्डिंग बैनर तथा पोस्टर पर रोक के नियमों का अनुपालन होता नजर नहीं आ रहा है। नगर पंचायत प्रशासन का नियंत्रण न होने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लुंज पुंज होने से कस्बा समेत आसपास की सड़कों पर अवैध होर्डिंग और बैनर पोस्टर की भरमार है।
कभी कभार किसी वीआईपी के आगमन अथवा चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासन द्वारा अभियान चलाकर होर्डिंग हटा दी जाती है अन्यथा सालों साल पूरे कस्बा के सार्वजनिक स्थानों, बिजली व टेलीफोन खंभों पर लगे बैनर होर्डिंग से कस्बा की खूबसूरती तो खराब होती ही है साथ ही बिल्कुल सड़क के किनारे बांस बल्ली के सहारे लगाए गए पोस्टर बैनर व होर्डिंग से हमेशा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। राष्ट्रीय पर्वों स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस, गांधी जयंती, शहीदों की जयंती आदि मौकों पर भी नगर प्रशासन इन होर्डिंग्स को हटाने की जरूरत नहीं समझता है।
मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत में कुल 18 वार्ड हैं। तहसील व ब्लाक मुख्यालय के अतिरिक्त यहां रेलवे स्टेशन, रोडवेज कोतवाली, समेत दर्जनों प्रशासनिक कार्यालय है। राजनैतिक, सामाजिक एवं शैक्षिक गतिविधियों का केंद्र बिंदु होने के कारण नगर पंचायत में बैनर, पोस्टर व होर्डिंग्स लगाने की होड़ लगी होती है। होर्डिंग लगाने को लेकर नगर पंचायत द्वारा कोई स्थान चिह्निंत न किए जाने से पूरे कस्बे में जगह-जगह होर्डिंग लगी है। नगर पंचायत में होर्डिंग लगाने के लिए शुल्क वसूले जाने का कोई बायलॉज न होने से नगर पंचायत द्वारा होर्डिंग लगाने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं करता है।
आगामी कुछ महीनों में प्रदेश में विधान सभा चुनाव की आहट पर विभिन्न दलों से टिकट चाहने वाले सैकड़ों लोगों ने कस्बा के सार्वजनिक स्थानों, सरकारी व निजी भवनों, बिजली, टेलीफोन के खंभों पर होर्डिंग लगा रखा है, लेकिन तहसील व नगर पंचायत प्रशासन इसे हटाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा, मऊ-आजमगढ़ मुख्य मार्ग के बीचोबीच स्थित है। यहां के रोडवेज स्थित शहीदों की प्रतिमाओं के सम्मान को भी भावी नेताओं ने मजाक बनाकर रख दिया है। शहीद चौराहा पर लगी मूर्तियों पर भी होर्डिंग लगाकर वीर सपूतों के अपमान पर प्रशासनिक चुप्पी समझ से परे है। किसी बड़े नेता के जन्मदिन, या इनके आगमन पर तो होर्डिंग लगाने की होड़ के चलते नगर में हर जगह केवल होर्डिंग व पोस्टर ही दिखता है। नगर पंचायत में होर्डिंग लगाने के लिए शुल्क का प्रावधान नहीं होने से राजस्व की हानि के अलावा कस्बा की खूबसूरती पर भी ग्रहण लग रहा है।
नगर पंचायत के ईओ रामसमुख ने कहा कि मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत में होर्डिंग लगाने को लेकर अभी तक कोई बायलॉज नहीं बनाया गया है। नगर पंचायत में होर्डिंग व बैनर लगाने को लेकर किसी स्थान के चिंहित न होने से लोग मनमाने ढंग से होर्डिंग लगा देते हैं। बताया कि होर्डिंग को लेकर बायलॉज का प्रावधान किया गया है लेकिन अभी तक बोर्ड की मंजूरी नहीं मिल सकी है।