मऊ। मधुबन थाना क्षेत्र के तिनहरी गांव में कंपोजिट स्कूल के पास स्थित पोखरी में बुधवार की सुबह बुजुर्ग का शव उतराया हुआ मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की शिनाख्त पास के गांव हकारीपुुर निवासी के रूप में हुई। घटना से गांव में मातम पसर गया। बुधवार की सुबह मधुबन थाना क्षेत्र के तिनहरी गांव स्थित कंपोजिट स्कूल में जब छात्र पहुंचे, तो उन्होंने स्कूल के पास पोखरी में उतराया हुआ शव देखकर स्कूल के शिक्षक को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पहुंची मधुबन पुलिस ने शव को पोखरी से बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त थाना क्षेत्र के हकारीपुर गांव निवासी रामसूरत शर्मा (65) पुत्र स्व. प्रकाश के रूप में हुई। वृद्ध की मौत को लेकर अंदेशा जताया जा रहा है कि शौच के बाद पोखरी के पास पहुंचने पर सीढ़ी पर फिसलन के चलते पोखरी में गहरे पानी में डूबने से मौत हुई होगी। घटना से मृतक की पत्नी पार्वती और दूसरे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।