खेत में भैंस चराने से मना करना एक किसान को भारी पड़ गया। खार खाए युवक ने किसान को उस वक्त गोली मार दी जब वह सोमवार की रात को बाइक से घर लौट रहा था।
मामला मामला मधुबन थाना क्षेत्र के सुग्गीचौरी गांव का है। घायल किसान को गंभीर हाल में वाराणसी रेफर किया गया है। किसान की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही अभिषेक चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
मधुबन थाना क्षेत्र के सुग्गीचौरी गांव निवासी 45 वर्षीय हरेंद्रनाथ पाण्डेय पुत्र मंगरू का गांव के ही बगल में गन्ने का खेत है। सोमवार को उनके गन्ने के खेत में कुछ भैंसें चर रही थी। खेत की रखवाली करने पहुंचे हरेंद्रनाथ ने जब भैंसों को चरते देखा तो आग बबूला हो गया।
भैंस चरा रहे गांव के युवक को भैंसें खेत से निकालने के लिए कहा, लेकिन इसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। उस वक्त तो युवक मौके से भैंस लेकर चला गया। इस बीच काफी समय भी बीत गया।
शाम को हरेंद्रनाथ पाण्डेय मधुबन बाजार चले गए। रात में वह लगभग नौ बजे अपनी बाइक से घर लौट रहे थे कि रास्ते में गन्ने के खेत में छिपे हमलावर ने उनकी बाइक रोकी और ताबड़तोड़ पांच गोलियां उनपर दाग दी। घटना के बाद हरेंद्र पाण्डेय वहीं छटपटाने लगे।
गोली चलने की आवाज सुनकर उनके परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आनन फानन उन्हें मधुबन स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल से गंभीरावस्था में किसान को वाराणसी रेफर किया गा। किसान की तहरीर पर पुलिस ने गांव के अभिषेक चौहान के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष केके पांडेय का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।