मझवारा सरकार की तरफ से स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने की तमाम कवायद विभागीय लापरवाही के चलते फ्लाप साबित होती नजर आ रही है। क्षेत्र के पवनी गांव में सार्वजनिक नालियां जाम पड़ी है। जबकि गांव में सफाई कर्मी की तैनाती है। शिकायत के बाद भी साफ सफाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जा सकी है।
घोसी ब्लाक क्षेत्र के पवनी गांव की आबादी लगभग 2500 है। गांव में साफ सफाई की व्यवस्था बद से बदतर होने से लोगों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है। सफाई के अभाव में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। गंदगी से उठने वाली दुर्गंध के चलते लोगों को नाक मुुंह बंद कर आना जाना पड़ रहा है।
सफाईकर्मी के अनियमित दिनचर्या से गांव में सफाई व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। गांव के अभिषेक यादव, दयाशंकर पांडेय, उदयभान पांडेय, रैनभान पांडेय का कहना है कि सफाईकर्मी कब आता है कब चला जाता है लोगों को पता नहीं चल पाता है। जबकि वह हर माह वेतन उठाता है। सार्वजनिक नालियों के जाम रहने से दुर्गंध उठने से आना जाना मुश्किल हो रहा है है। लापरवाह सफाईकर्मी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो हम लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे। इस बाबत सेक्रेटरी अनिल चौबे का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत की जांच कराई जाएगी। शिकायत सही पाए जाने पर सफाई कर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।