मऊ। नवागत जिला समन्वयक प्रशिक्षण सीडी यादव ने गुरुवार को रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कमी मिलने पर प्रधानाध्यापकों को कड़ी फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान दो विद्यालयों के हेडमास्टर तथा सहायक अध्यापक गायब मिले। एक विद्यालय में सातवीं तथा आठवीं कक्षा के अधिकांश बच्चे कर्तव्य नहीं लिख पाए। जिला समन्वयक ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट भेजी है। विभागीय कार्रवाई से शिक्षकों में हड़कंप की स्थिति रही।
नवागत जिला समन्वयक प्रशिक्षण सीडी यादव ने उच्च प्राथमिक विद्यालय खुरहट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में सातवीं तथा आठवीं के बच्चों से श्यामपट्ट पर कर्तव्य लिखने के लिए कहा गया। जिसे कुछ ही बच्चे सही लिख पाए। प्रधानाध्यापक तथा सहायक अध्यापक को कड़ी फटकार लगाई। शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार करने का निर्देश दिया। प्राथमिक विद्यालय खुरहट में स्थिति ठीक रही। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय सोनिसा का निरीक्षण किया। प्रधानाध्यापिका अनुपस्थित मिलीं। उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव में एक मात्र सहायक अध्यापक रइस अहमद उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक सहित सहायक अध्यापक गायब मिले। प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव, प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर, उ.प्रा विद्यालय सोनिसा तथा प्राथमिक विद्यालय सोनिसा, प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक कोलौरा में स्थिति ठीक रही। जिला समन्वयक सीडी यादव ने बताया कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेज दी गई है।