गोवर्धन। एमएड की छात्रा से छेड़छाड़ एवं अश्लील मेसेज भेजने के आरोपी मनचले को थाना पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं पाई है। आरोपी पीड़ित छात्रा के पिता को फोन कर मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहा है। इससे पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है।
गोवर्धन परिक्रमा मार्ग के एक गांव की छात्रा मथुरा के एक डिग्री कॉलेज से एमएड की पढ़ाई कर रही है। आरोप है कि गांव के ही सोनू ने 17 मार्च को उसके मोबाइल पर अश्लील मेसेज किए। उससे पहले कॉलेज जाते समय पीछा करते हुए छेड़छाड़ की। छात्रा ने तंग आकर इसकी शिकायत 112 पुलिस से की गई थी। पुलिस ने उस समय मामले को रफा-दफा करा दिया। इसके बाद भी आरोपी बाज नहीं आया। उसने छात्रा और उसकी बहन के मोबाइल पर अश्लील मेसेज भेजे।
23 मार्च को थाने में शिकायत की थी, पुलिस ने कार्रवाई की जगह पीड़ित छात्रा सहित उसके पिता को थाने से फटकार लगा कर भगा दिया था। थक हार कर 11 अप्रैल को छात्रा ने एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर से न्याय की गुहार लगाई थी। एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद थाने में मुकदमा तो दर्ज हो गया, पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। आरोपी छात्रा के पिता को फोन कर मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहा है। पीड़ित छात्रा ने आरोपी के भय से कॉलेज जाना बंद कर दिया है।
छात्रा को बयान दर्ज कराने बुलाया
एमएड छात्रा से छेड़छाड़ एवं अश्लील मेसेज की खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस अफसरों के फोन थाने पहुंचे। इसके बाद बुधवार को छात्रा को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया। पुलिस छात्रा के बयान दर्ज कराने कोर्ट लेकर गई है।
सीओ ने दिए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश
सीओ गौरव त्रिपाठी ने थाना पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित हल्का इंचार्ज से पीड़ित छात्रा की सुनवाई में लापरवाही क्यों हुई, इस पर जवाब-तलब भी किया है। सीओ गौरव त्रिपाठी ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
दरोगा पर बार-बार बयान बदलवाने का आरोप
छात्रा से अश्लील मेसेज एवं छेड़छाड़ का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने छात्रा को इकसठ के बयान के लिए थाने बुलाया था। छात्रा का आरोप है कि थाने में महिला कांस्टेबल ने वीडियो रिकॉर्ड बयान लिए। इसके बाद महिला कांस्टेबल ने छात्रा के वीडियो रिकॉर्ड बयान एक दरोगा को सुनाया। आरोप है कि दरोगा ने कई बार बयान बदलवाए।