वृंदावन (मथुरा)। वृंदावन की विधवा और बेसहारा महिलाएं रोशनी के त्योहार दिवाली में खुशियां बिखेरने के लिए तैयारी में हैं। वृंदावन के यमुना तट पर स्थित केशीघाट पर दिवाली पर्व का आयोजन होने जा रहा है।
संस्था सुलभ इंटरनेशनल द्वारा 2 नवंबर को शाम 5 बजे से यह आयोजन करेगा। महोत्सव में विधवाएं और बेसहारा महिलाएं केशीघाट प्रांगण में रंगोली सजाने के साथ दिए जलाकर रोशनी का त्योहार दिवाली मनाएंगी। दिवाली के पर्व पर वृंदावन के आश्रय सदनों को भी सजाया जाएगा और उन पर रंग-बिरंगे दीए जगमगाएंगे।
सुलभ होप इंटरनेशनल की उपाध्यक्ष विनीता वर्मा ने बताया कि कोरोना गाइडलाइन के अनुसार ही संस्था विधवाओं और बेसहारा महिलाओं के लिए आयोजन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक नहीं हो सकेंगे। इधर, वृंदावन के महिला आश्रय सदन में रहने वाली विधवा और बेसहारा महिलाएं भी दीपावली पर्व की तैयारियों में जुटीं हैं। आश्रय सदन को भी सजाने के लिए विधवाएं अपने स्तर से तैयारियां कर रहीं हैं।