मथुरा। मेवाड़ एक्सप्रेस में टिकट चेक करने के दौरान यात्री ने कोसी और जंक्शन रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन के टीटीई के साथ मारपीट कर दी। टीटीई की तहरीर पर गंगापुर सिटी जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर मथुरा भेजा है।
सोमवार को हजरत निजामुद्दीन से चलकर मेवाड़ जा रही मेवाड़ एक्सप्रेस के कोच संख्या एस-2 की सीट संख्या 14 पर सवार यात्री से ट्रेन के टीटीई गोविंद प्रसाद मीना ने कोसी स्टेशन पर टिकट और पहचानपत्र मांगा। यात्री ने टिकट तो दिखा दिया, परंतु पहचानपत्र दिखाने से इनकार कर दिया।
टिकट पुन: मांगने पर अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। टीटीई ने इसका विरोध किया तो यात्री ने उसके साथ मारपीट कर दी। ट्रेन जब गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पहुंची तो टीटीई ने जीआरपी और आरपीएफ को यात्री द्वारा की गई मारपीट की जानकारी दी।
टीटीई गोविंद प्रसाद मीना ने गंगापुर सिटी जीआरपी थाने में यात्री गौरव कुमार पुत्र रमेश ओझा निवासी सी-98 गली नंबर 5 एकता मार्ग नगलीविहार एक्सटेंशन बापरोला थाना रनहोली दिल्ली के खिलाफ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा पंजीकृत कराया।
गंगापुर सिटी जीआरपी ने आरोपी गिरफ्तार कर घटनास्थल मथुरा का होने के कारण उसे मथुरा जीआरपी के हवाले कर दिया। जीआरपी थाने के उप निरीक्षक प्रमोद कुमार शर्मा ने बताया कि टीटीई की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी गौरव कुमार को जेल भेजा है।