करीमुल्लावास में झगड़े के बाद बिखरे ईंट-पत्थर।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। दिल्ली गेट पर अल्पसंख्यक समुदाय के दो पक्षों में लेनदेन के झगड़े को लेकर पथराव हुआ और हवाई फायरिंग भी की गई। जिससे वहां भगदड़ मच गई। पुलिस को देख आरोपी भाग गए। पुलिस ने नौ नामजदों समेत 50 से अधिक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बृहस्पतिवार की रात नगर के करीमुल्लावास निवासी सलमान एवं इकराम में लेनदेन को लेकर झगड़ा हो गया। इकराम दुकान पर उधार सामान देने से मना कर दी। इससे इकराम आक्रोशित होकर मारपीट पर उतारू हो गया। झगड़ा होता देख पड़ोस के लोग मौके पर आ गए और बीच बचाव कर मामले को रफा-दफा करा दिया। सलमान का आरोप है कि रात्रि करीब दस बजे इकराम करीब 10-12 लोगों के साथ आकर घर पर पथराव एवं बोतल फेंकनी शुरू कर दी और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव होने लगा।
पथराव होता देख मोहल्ले के लोगों में भगदड़ मच गई और लोगों ने अपने आप को घरों में कैद कर जान बचाई। पथराव की सूचना पर चौकी प्रभारी मनिंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख पथराव कर रहे दोनों पक्षों के लोग भाग गए। प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि मामले में राबिया, सलमा, नगमा, जाहिद, काले, आसिफ, अय्यूब, आस मोहम्मद, इदरीश सहित 50 से अधिक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सभी नामजदों का चालान कर दिया, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं।
महिलाओं के साथ अभद्रता का आरोप
दिल्ली गेट पर झगड़े के बाद महिलाओं ने चौकी प्रभारी पर अभद्रता का आरोप लगाया है। चौकी प्रभारी मनिंद्र सिंह ने मोहल्ले के सभी घरों के दरवाजों को तोड़कर जबरन अंदर घुसकर मारपीट की। महिलाओं को झगड़े में गिरफ्तार करते समय महिला पुलिस नहीं थी। इस संबंध में एसपी ग्रामीण श्रीश चंद ने कहा कि अगर शिकायत मिलेगी तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। जबकि चौकी प्रभारी मनिंद्र सिंह महिलाओं के आरोपों को को बेबुनियाद बताया है।