मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के लिए बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को नगर निगम मथुरा-वृंदावन जुट गया है। महानगर में दो-दो स्थानों पर रैन बसेरा का नि:शुल्क संचालन कराया जाएगा।
नगर आयुक्त अनुनय झा के निर्देशों के क्रम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा को मथुरा में यमुनापार क्षेत्र में नगला कोल्हू स्थित रैन बसेरा एवं विश्रामघाट पुलिस चौकी के निकट रैन बसेरा का नि:शुल्क संचालन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त वृंदावन नगर में अटल्ला चुंगी चौक पर एवं विद्यापीठ चौक के निकट परशुराम पार्क रैन बसेरा का संचालन कराया जाएगा। रैन बसेरों पर श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए पेयजल, सफाई, प्रकाश, शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था रहेगी। रैन बसेरा पर व्यवस्थाओं के सुपरवीजन के लिए अधिशासी अभियंता निर्माण एसपी मिश्रा को प्रभारी नामित किया गया है।