द्वारिकाधीश मंदिर के समीप निरीक्षण करते नगर आयुक्त अनुनय झा।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। प्रमुख बाजार होलीगेट से द्वारिकाधीश मंदिर, स्वामी घाट तक की सीवर और पेयजल आपूर्ति को लेकर मथुरा-वृंदावन नगर निगम के आयुक्त अनुनय झा ने शुक्रवार को पूरे बाजार में पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से निगम से संबंधित समस्याओं को लेकर बातचीत की।
द्वारिकाधीश मंदिर रोड पर सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या के संबंध में प्राप्त हो रहीं शिकायतों के निस्तारण के लिए नगर आयुक्त ने होलीगेट से द्वारिकाधीश मंदिर एवं स्वामीघाट क्षेत्र तक संपूर्ण क्षेत्र में उप्र जलनिगम एवं नगर निगम के कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने जलनिगम एवं जलकल विभाग के अधिकारियों को आदेशित किया कि उक्त क्षेत्र की संपूर्ण सीवर लाइन की सफाई कराते हुए क्षेत्र में डोर टू डोर कलेक्शन के लिए अतिरिक्त वाहन तैनात किए जाएं। डलाबघर से तीनों पालियों में कचरा उठवाया भी जाए।
अक्तूबर तक पंपिंग स्टेशन के जीर्णोद्धार एवं सीवर लाइन संबंधित समस्त कार्य पूर्ण करा दिए जाएं। उन्होंने उक्त क्षेत्र में पेयजलापूर्ति पाइपलाइन डाले जाने के कार्य में विलंब होने पर प्रभारी महाप्रबंधक जल, क्षेत्रीय सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता को कारण बताओ नोटिस के आदेश दिए। निरीक्षण में नगर आयुक्त के संग मुख्य अभियंता जितेंद्र केन, एक्सइएन जलनिगम योगेश शर्मा, एक्सईएन सिविल एसपी मिश्रा रिजवान अहमद, एई नंदकिशोर, केपी सिंह, जेडएसओ एसएस यादव मौजूद रहे।