नगर निगम की समीक्षा बैठक को संबोधित करते नगर आयुक्त अनुनय झा।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। मथुरा-वृंदावन की पेयजल व्यवस्था को मजबूत और स्वच्छ बनाने के लिए पानी की टंकियों की सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। आगामी 1 माह के अंदर करीब दो लाख लोगों को गंगाजल की सप्लाई मिलना प्रारंभ हो जाएगी।
अमृत योजना के तहत 8 वार्डों में गंगाजल की आपूर्ति के लिए कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वर्तमान में टेस्टिंग चल रही है, उसके बाद सप्लाई शुरू हो जाएगी। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में पेयजल एवं सीवर लाइन डालने के उपरांत सड़क मरम्मत कार्य गुणवत्ता के साथ तेज करने के निर्देश शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई विभागीय बैठक में नगर आयुक्त अनुनय झा ने जारी किए हैं।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन-जिन वार्डों में जर्जर भवन गिराए जाने के लिए नोटिस जारी हो चुके हैं, उनको तत्काल जमींदोज कराने की कार्रवाई की जाए। सफाई व्यवस्था के लिए जेडएसओ को निर्देशित किया है कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का रूट मैप बनाया जाए। साथ ही लोगों को यूजर चार्ज से भी अवगत कराया जाए। प्रभारी महाप्रबंधक जलकल राधेश्याम ने बताया कि 11 टंकियों की सफाई का कार्य पूरा हो गया है। बाकी इस माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।
नगर आयुक्त ने पोखरों को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने को सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल एवं एक्सईएन एसपी मिश्रा को अभियान चलाने के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी, सहायक नगर आयुक्त डॉ. लवकुश गुप्ता, लेखाधिकारी डॉ. गीता कुमारी आदि विभागीय अफसर मौजूद रहे।