मथुरा। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग जुट गया है। तीसरी लहर किसी प्रकार का संकट पैदा न कर दे, इसके लिए ऑक्सीजन प्लांट से लेकर बेड तक की व्यवस्था के लिए अधिकारी दिन रात एक किए हैं। मरीजों को वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की कोई कमी न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड किया जा रहा है। पीडियाट्रिक्स इंटेसिव केयर यूनिट (पीकू) सीएचसी पर तैयार कर ली गई हैं। उधर, प्राइवेट हॉस्पिटलों ने भी अपने यहां व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद कर लिया है। कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर में ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, बेड और दवाओं की कमी न रहे, इस ओर स्वास्थ्य विभाग का पूरा ध्यान है। सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट तैयार कर लिए गए हैं, जबकि निजी अस्पतालों को भी ऑक्सीजन प्लांट तैयार रखने के आदेश दिए गए हैं।
सरकारी अस्पतालों में लगाए गए ऑक्सीजन के प्लांट से करीब तीन हजार लीटर प्रति मिनट की दर से ऑक्सीजन तैयार की जाएगी। बिजली आए या न आए, मरीजों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए नए जेनरेटर भी खरीदे जा रहे हैं। मरीज को बेड पर ही ऑक्सीजन की सुविधा मुहैया मिले, इसके लिए पाइप लाइन बिछाने का काम तेजी से किया जा रहा है। जिला अस्पताल और वृंदावन के सौ शैया हास्पिटल में पाइपलाइन बिछ चुकी है।
तीसरी लहर को लेकर विभाग पूरी तरह से तैयारी में जुटा है। अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण कराया जा रहा है। हर दिन लगभग पांच हजार लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं। हमारे पास ऑक्सीजन और बेड की कमी नहीं है। ऐसी व्यवस्था भी की जा रही है कि ग्रामीण अंचल के लोगों को सीएचसी पर ही इलाज मिले।
- डॉ. रचना गुप्ता, सीएमओ।