फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बालक का अपहरण: जिस पर पूरा परिवार करता था विश्वास, वही निकला आस्तीन का सांप; 20 लाख वसूलनी थी फिरौती

Tue, 29 Aug 2023 02:30 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा

सार

दिनदहाड़े बालक का अपहरण कर लिया गया। पुलिस की सक्रियता से बालक कुछ ही समय में बरामद हो गया, तो वहीं इस अपहरण की घटना को अंजाम देने वाले भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए। फिर पुलिस पूछताछ में जब मुख्य साजिशकर्ता का नाम सामने आया तो घरवाले हैरान रह गए।
 
विज्ञापन
बच्चे के अपहरण के बाद मौके पर पहुंची पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मथुरा के चौमुहां के जैंत थाना क्षेत्र में दो दिन पहले अपहृत बच्चे के अपहरणकर्ताओं से सोमवार दोपहर पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें मुख्य साजिशकर्ता फरार हो गया। हालांकि उसका साथी गिरफ्तार कर लिया गया है।
विज्ञापन


पूछताछ में सामने आया कि बच्चे के रिश्ते का चाचा, जोकि हिस्ट्रीशीटर है उसने वारदात की साजिश रची थी। बच्चे के पिता की जमीन को बिकवा कर 20 लाख रुपये बतौर फिरौती लेने का प्लान था। गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक व बच्चे का स्कूली बैग बरामद हुआ है।

चौमुहां कस्बे के मारूफ थोक निवासी बच्चू सिंह का बेटा भानु राधा मोहन जी सरस्वती विद्या मंदिर से छुट्टी होने पर बीते शनिवार को घर आ रहा था। घर से थोड़ी दूरी पर दोपहर करीब 12:15 बजे हाईवे की तरफ से आए बाइक सवार दो नकाबपोश भानु का मुंह बंद कर अपने साथ ले गए। इसका पता चलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना कर दी। पुलिस की घेराबंदी पर बदमाश बच्चे को शेरगढ़ क्षेत्र के जंगल में छोड़कर भाग गए थे। बालक के सकुशल मिलने के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी।

सोमवार को जानकारी मिली कि अपहरणकर्ता चौमुहां बढ़ौता रोड पर घूम रहे हैं। इस पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया तो बाइक सवार दो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस द्वारा जवाबी फायर करने पर एक आरोपी पैर में गोली लगने पर घायल होकर बाइक से गिर गया। वहीं, दूसरा आरोपी जंगल में भाग गया।
 

एसपी सिटी एमपी सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोवर्धन उर्फ कुल्ली निवासी चौमुहां के तौर पर हुई है। पूछताछ में बताया कि भानु उनके खानदान का ही बच्चा है। हिस्ट्रीशीटर रामवीर पुत्र शिव सिंह निवासी चौमुहां उसका रिश्ते का भाई है और भानु का रिश्ते का चाचा लगता है। रामवीर जुआ और शराब में पैसा गवां बैठा है। उसने भानु के अपहरण की साजिश की।
 

प्लान के अनुसार रामवीर के कहने पर उसने व एक अन्य ने बच्चे का अपहरण किया। पुलिस द्वारा पीछा करने पर बच्चे को छोड़कर भाग गए थे। जबकि प्लान था कि बच्चे को अगवा कर किसी गुप्त स्थान पर रखा जाएगा। उसे रिहा करने की एवज में बच्चू सिंह से 20 लाख रुपये की रकम लेंगे। इस पैसे का इंतजाम बच्चू सिंह अपनी जैंत इलाके में हाईवे क्षेत्र में स्थित जमीन को बेचकर कर लेगा। जमीन को भी वह खुद बिकवा देंगे, उससे उन्हें कमीशन भी मिलेगा। पुलिस के अनुसार आरोपी गोवर्धन अस्पताल में भर्ती है। रामवीर की तलाश की जा रही है। तीसरे बदमाश की भी तलाश जारी है।
 
विज्ञापन

बच्चे की करीबी एक महिला पर भी जा रही शक की सुई

इस वारदात में पुलिस का शक बच्चे की करीबी एक महिला पर भी है। दरअसल, पुलिस को जानकारी मिली है कि बच्चे की करीबी महिला का रामवीर से संपर्क है। उक्त महिला का भाई वर्तमान में जेल में दुष्कर्म के आरोप में बंद है। उसकी जमानत कराने के लिए पैसों का इंतजाम किया जा रहा है। ऐसे में पुलिस को यह भी शक है कि महिला की भी इस वारदात में मिलीभगत हो सकती है। इस एंगल पर पुलिस तफ्तीश कर रही है। रामवीर के पकड़े जाने के बाद और स्थिति साफ होने का पुलिस दावा कर रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें