मथुरा। गंगा दशहरे पर मंगलवार सुबह यमुना के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मथुरा-वृंदावन ही नहीं, बलदेव, गोकुल, राधाकुंंड, टैंटीगांव सहित जहां-जहां यमुना के घाट हैं, वहां आस्था का सागर हिलोर ले रहा था। महिला, पुरुष और बच्चों में उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धा भाव से वशीभूत हजारों भक्त के कदम भौर होते ही यमुना के घाटों की ओर बढ़ने लगे। बाहरी श्रद्धालुओं की संख्या बहुतायत में रही। यमुना में स्नान के साथ लोगों ने विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना की और दान पुण्य भी किया। परिवार सहित ब्रज दर्शन को आए श्रद्धालुओं ने इस दौरान नौका विहार का भी आनंद लिया। उधर, बाजरों में विभिन्न संस्थाओं की ओर से बाजारों में छबील लगाई गई, जहां दिनभर लोग अपना गला तर करते रहे।
गंगा दशहरा पर यमुना स्नान का विशेष महत्व होेने के कारण हर कोई श्रद्धालु इस अवसर का पुण्य लाभ लेने के लिए आतुर दिखा। मथुरा में यमुना की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर भीड़ नजर आई। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ने लगी। कोई महाराष्ट्र से आया था तो किसी ने अहमदाबाद से यहां आकर यमुना में डुबकी लगाई। बड़ी संख्या में परिवार सहित पहुंचे श्रद्धालुओं की मौजूदगी विश्रामघाट से बंगाली घाट तक नजर आई। यमुना स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने यमुना जी की पूजा अर्चना की। दुग्धाभिषेक किया। लोगाें को दान दिया। विभिन्न मंदिरों में दर्शन किए। धूप निकलने पर यमुनापार स्थित कच्चेे घाटों पर स्थानीय लोगों की रंगत देखने को मिली। यहां करीब 10 बजे तक यमुना स्नान के लिए लोगों की मौजूदगी रही। इसके साथ ही लोग परिवार सहित नौका विहार करते हुए गंगा दशहरा का आनंद ले रहे थे।
द्वारिकाधीश मंदिर में भक्तों ने निहारी यमुना महारानी
गंगा दशहरे पर द्वारिकाधीश मंदिर में यमुना महारानी का मनोरथ किया गया। ठाकुरजी के द्वार पर यमुना महारानी के भव्य दर्शन देखने को मिले। मंगला के दर्शन को मंदिर पहुंचे श्रद्धालु यमुना को निहार कर निहाल हो गए। राजाधिराज के सम्मुख यमुना महारानी का रूप देख भक्तजन जय-जयकार कर उठे।
साफ सफाई के रहे विशेष प्रबंध, बड़े वाहनों का प्रवेश रोका
मथुरा। गंगा दशहरे पर यमुना स्नान के लिए भीड़ को देखते हुए सोमवार रात से ही मेला क्षेत्र में बड़े वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया था। महज दोपहिया वाहनों को ही यमुना के घाटों की ओर जाने की अनुमति दी गई। होलीगेट, जनरल गंज के सभी रास्तों पर पुलिस बल की तैनाती रही। सफाई कर्मचारी भी इस दौरान मुस्तैद नजर आए। महापौर विनोद अग्रवाल मेला क्षेत्र में ही डेरा जमाए रहे।विश्राम घाट, बंगालीघाट सहित अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं के स्नान के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। यमुनापार तट पर भी बैरिकेडिंग, जगह-जगह गोताखोर की व्यवस्था की गई। घाटों के साथ यमुना की ओर आने वाले सभी मार्गों पर साफ सफाई के लिए कर्मचारी तैनात रहे। नगर निगम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए महापौर विनोद अग्रवाल सुबह ही मेला स्थल पर पहुंच गए। उनके साथ गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी, पार्षद ब्रजेश खरे, कुंज बिहारी चतुर्वेदी, संतोष पाठक, अंकुर गुर्जर, रामकिशन पाठक, प्रमोद बंसल, धनंजय लोधी आदि मौजूद रहे।
शर्बत की प्याऊ पर शाम तक उमड़े लोग
मथुरा। गंगा दशहरे पर सेवाभावी लोगों ने जगह-जगह शर्बत की प्याऊ लगाई। कार्यकर्ता राहगीरों को रोक-रोकर कर मनुहार करते दिखे। अनेक स्थानों पर कचौड़ी-जलेबी का भी वितरण किया गया। श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा भाव यमुना किनारे के क्षेत्रों में ही नहीं शहर भर में नजर आया। जिए सिंध सेवा संगम की महिला शाखा द्वारा रंगेश्वर मंदिर के पास शर्बत की प्याऊ लगाई गई। रजनी इसरानी ने बताया कि सेवाकार्य में अध्यक्ष तनुजा मनसुखानी, कोकल भाटिया, वंशिका खत्री, वर्षा देशवानी, संगठन मंत्री अंजलि खत्री, मोनिका मनसुखानी, दिव्या देशवानी, रेखा मेठवानी ने राहगीरों को शर्बत का वितरण किया। लायंस उड़ान द्वारा वृंदावन रोड स्थित नवनीत कुंज पर शीतल पेय का वितरण किया। चौधरी राकेश अग्रवाल, चौधरी मोहित अग्रवाल, आंचल अग्रवाल, अनीषा अग्रवाल, आकृति अग्रवाल, चेतना बंसल, राजू अग्रवाल आदि मौजूद रहे। लीजेंड ग्रुप ने भूतेश्वर स्थित टेराटावर के निकट शर्बत की प्याऊ लगाई। प्याऊ का उद्धाटन डॉ अशोक अग्रवाल ने किया। नंदकिशोर अग्रवाल, अनिल सुनेजा, अभिनाश भार्गव, अध्यक्ष नगेंद्र वर्मा, अनुराग अग्रवाल आदि मौजूद रहे। मिशन स्माइल सिंधी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा होलीगेट पर शीतल पेय का वितरण किया गया। अध्यक्ष गीता नाथानी, महासचिव एडवोकेट अनीता चावला, सहसचिव ज्योति भाटिया का सहयोग रहा। मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा रहे। माथुर चतुर्वेद परिषद ने विश्राम घाट पर जल की प्याऊ लगाई। परिषद के महामंत्री राकेश तिवारी एडवोकेट, मंत्री नीरज चतुर्वेदी मौजूद रहे। गायत्री तपोभूमि के सामने शरबत की प्याऊ लगाई गई और फलों का वितरण किया गया। प्याऊ का उद्घाटन वार्ड 36 के पार्षद राकेश भाटिया ने किया। अमित शर्मा, राजीव भारद्वाज, चैतन्य भारद्वाज का सहयोग रहा।