यमुना एक्सप्रेसवे पर टायर पंचर देख स्टेपनी बदल रहे कार सवारों से बाइक सवार लुटेरे डरा-धमका कर हजारों रुपये और जेवरात ले गए। हीरा सिंह स्ट्रीट मोगा, पंजाब निवासी रवि गुप्ता बुधवार दोपहर अपनी पत्नी के साथ कार द्वारा नोएडा से आगरा की ओर जा रहे थे।
टायर पंचर हो जाने पर वे सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन 90 के समीप कार सड़क किनारे खड़ी कर स्टेपनी बदल रहे थे, तभी पीछे से बाइक सवार लुटेरे आ गए। उन्होंने डरा-धमका कर उनकी पत्नी से 20,000 रुपये, सोने की दो चूड़ियां, अंगूठी ले गए। लूट की सूचना पर पेट्रोलिंग गाड़ी के अलावा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटना की जानकारी करने के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित दंपति को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।
अराजक तत्व वाहनों पर फेंक रहे पत्थर
यमुना एक्सप्रेसवे पर फर्राटा भर रहीं गाड़ियों पर कुछ अराजक तत्व ईंट-पत्थर फेंक रहे हैं। इससे गाड़ियां क्षतिग्रस्त होने के साथ उनमें सवार लोग घायल हो रहे हैं। आगरा टोल प्रशासन ने उपभोक्ताओं की शिकायत पर इस मामले में महावन पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
बताया है कि थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 115 से 120 के मध्य कुछ लोग गाड़ियों पर ईंट-पत्थर फेंक रहे हैं। टोल प्रशासन ने दो पीड़ितों की शिकायत का हवाला देते हुए कहा है कि 30 अप्रैल की रात करीब साढ़े नौ बजे नोएडा से आगरा की ओर जा रहीं गाड़ियों पर पत्थर फेंके गए थे।