कथित सोने की ईंट का लालच देकर तीन ठगों ने एक महिला से सोने-चांदी के जेवर और पांच हजार रुपये की नकदी लूट ली।
गांव दयालपुर मुरसान निवासी सरोज पत्नी पप्पू गांव बहादुरपुर थाना बलदेव जा रही थीं। सुबह राया-हाथरस रोड पर उतरने के बाद वे एक टेंपो में बैठ गईं। थोड़ी देर बाद तीन युवक आए और महिला के सामने ही कथित सोने की ईंट के बंटवारे को लेकर झगड़ने लगे।
समझौता कराने के लिए वे टेंपो को मथुरा रोड नहर के पास ले गए। युवकों ने महिला से कहा कि यह चार लाख रुपये की ईंट है। वह अपने आभूषण और नकदी हमें दे दे और ईंट अपने साथ ले जाए। झांसे में आई सरोज ने अपनी दो अंगूठी, जंजीर, पैंडल, कुंडल और पांच हजार रुपये युवकों को थमा दिए।
तीनों और रुपये देने की कह कर महिला को रेलवे स्टेशन पर बैठा गए। सुबह से शाम तक सरोज स्टेशन पर बैठी रहीं। जब उन्होंने ईंट को चेक किया तो वह पीतल की निकली। इसके बाद महिला रोती हुई थाने पहुंची। पुलिस टेंपो और टटलुओं की तलाश कर रही है।