मथुरा। जनपद में 19 से 23 अक्तूबर तक आयोजित होने वाली छठवीं राष्ट्रीय टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की पुरुष एवं महिला टीमों का आगमन होने लगा है। जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान की टीमें पहुंच गई हैं। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, आसाम, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा सहित 27 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की टीमें पहुंच रही हैं।
मथुरा टेनिस क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, सचिव पुनीत प्रजापति व शुभम शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 19 अक्तूबर को शाम 4 बजे चंद्रलेखा क्रिकेट स्टेडियम में मुख्य अतिथि एसडीएम सदर(आईएएस) प्रशांत कुमार नागर करेंगे। अवधेश श्रीवास्तव गुना मध्य प्रदेश कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि होंगे।
सोमवार को प्रतियोगिता में विजेताओं को प्रदान की जाने वाली ट्रॉफी का अनावरण टेनिस क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव रिंटू मित्रा, प्रशासनिक प्रबंधक आशीष कुमार सिंह, जम्मू कश्मीर के राजेश चौधरी की ओर से किया गया। यह प्रतियोगिता जनपद के चार खेल मैदानों पर 19 से 23 अक्तूबर तक होगी। जम्मू-कश्मीर की टीम मथुरा पहुंच गई है। टीम के खिलाड़ियों ने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए सभी उत्साहित हैं।
श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में आकर वे प्रफुल्लित हैं। उनकी टीम अच्छी तैयारी करके आई है और विश्वास है कि विजेता की ट्रॉफी वो ही लेकर जाएंगे। कश्मीर के हालातों पर कहा कि धारा 370 हटने और तीन तलाक जैसे अधिनियम आने के बाद वातावरण अच्छा हुआ है, अब कश्मीर में पहले जैसा डर का माहौल नहीं रहा।