उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में डेंगू पीड़ितों की संख्या तेजी के साथ बढ़ती जा रही है। डेंगू पीड़ित मरीजों की मौत भी हो रही है। पिछले 24 घंटे में डेंगू पीड़ित महिला सहित बुखार से दो मरीजों की मौत हो गई। जिला अस्पताल की ओपीडी में भी मरीजों की भीड़ देखी गई। यहां 36 मरीज भर्ती कराए गए। सात मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
शहर के मोहल्ला टीपी गार्डन नगर निवासी महिपाल सिंह के 20 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार को पिछले कुछ दिन से बुखार आ रहा था। परिजन ने दो दिन पहले उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां मंगलवार की रात आई जांच रिपोर्ट में अनुज प्रताप डेंगू पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है।
कोसमा क्षेत्र में डेंगू के मरीज तेजी के साथ बढ़ रहे हैं । कोसमा हिनूद, कोसमा मुसलमीन के साथ आसपास के कई गांव में बुखार के मरीज तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। क्षेत्र के चिकित्सकों के यहां मरीजों की भीड़ देखी जा रही है। जिनमें कई मरीज डेंगू का उपचार ले रहे हैं। महिला की मौत के बाद लोग डेंगू को लेकर दहशत में हैं। टीम भेजकर उपचार कराए जाने की मांग की है।