मैनपुरी। यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बेवर डिपो के बेड़े में जल्द ही छह नई रोडवेज बसें शामिल होने जा रही हैं। अगस्त माह में नई बसों के मिलने के बाद क्षेत्रीय मार्गों पर बसों का संचालन और बेहतर होगा।
वर्तमान में कई मार्गों पर बसों की कमी के कारण यात्रियों को इंतजार करना पड़ता है। नई बसों के शामिल होने से इन मार्गों पर फेरे बढ़ाए जाएंगे और भीड़भाड़ की समस्या में भी काफी हद तक राहत मिलेगी। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों को जिला मुख्यालय और आसपास के प्रमुख शहरों से जोड़ने वाले मार्गों पर बस सेवा को मजबूत किया जाएगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक शिवपूजन यादव ने बताया कि अगस्त माह में बेवर डिपो को छह नई बसें मिलने की संभावना है। नई बसों को बेड़े में शामिल होते ही विभिन्न क्षेत्रीय मार्गों पर संचालित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और बसों की उपलब्धता भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।