उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में ऑनलाइन ठगी कर दो महिलाओं के खाते से रुपये निकाल लिए गए थे। एसपी से शिकायत के बाद जांच साइबर थाना पुलिस को सौंपी गई थी। जांच करने के बाद सोमवार को साइबर टीम ने सफलतापूर्वक महिलाओं के खाते से निकली गई धनराशि वापस कराई है।
विज्ञापन
कोतवाली क्षेत्र में पुलिस लाइन के पास निवास कर रही अंजली कुमारी ने कुछ दिन पूर्व एसपी विनोद कुमार को प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप लगाया था कि किसी व्यक्ति ने रिश्तेदार बनकर उनसे बात की और बातों में फंसाकर खाते से 6.77 लाख रुपये निकाल लिए हैं।
वहीं भोगांव की पावर ग्रिड कालोनी निवासी मोनिका चौधरी ने शिकायती पत्र दिया था। इसमें बताया कि ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर 35 हजार रुपये की ठगी कर ली है। दोनों ही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने साइबर थाना पुलिस को जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
विज्ञापन
जांच टीम के एक्सपर्ट जोगेंद्र चौधरी, सरयू कुमार, गौरव, मनोज कुमार ने दोनों महिलाओं के खाते से निकाले गए रुपये फ्रीज करा दिए। सोमवार को दोनों महिलाओं को साइबर थाना बुलाया गया। वहां उनके खाते में खाते से निकाली गई धनराशि वापस कराई गई। ठगी कर निकाली गई धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़िताओं ने एसपी और साइबर टीम की सराहना की।