महोबा। कस्बा जैतपुर में निर्माणाधीन राजकीय महाविद्यालय के निर्माण कार्यों का शुक्रवार को उच्च शिक्षा प्रयागराज के संयुक्त शिक्षा निदेशक हिरेंद्र प्रताप सिंह ने जायजा लिया। धीमी गति से निर्माण कार्य होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही निर्माण निगम के जेई को शीघ्र कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
कस्बा जैतपुर स्थित राजकीय महाविद्यालय में संयुक्त शिक्षा निदेशक ने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश प्रकाश व नोडल अधिकारी उच्च शिक्षा प्रोफेसर सुशील बाबू ने निर्माण कार्यों की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिली और निर्माण में हो रही देरी पर संयुक्त शिक्षा निदेशक भड़क गए। उन्होंने अवर अभियंता को समयसीमा के अंदर कार्य पूरा कराने और कमियों को शीघ्र दूर कराने के निर्देश दिए। कहा कि ग्रामीणांचलों में उच्च शिक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। निर्धारित समयसीमा गुणवत्तापूर्ण कार्य कराकर महाविद्यालय का निर्माण कराएं। ताकि कस्बा समेत आसपास के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए इधर-उधर न जाना पड़े।