महोबा में उज्जवला-2.0 कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम योगी आदित्यनाथ। संवाद
- फोटो : MAHOBA
महोबा। प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेसिंग से उज्ज्वला 2.0 का महोबा से शुभारंभ किया। इसके बाद पुलिस लाइन ग्राउंड में सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिले की दस महिला लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन, एक सिलिंडर और चूल्हा प्रदान किया। कार्यक्रम से वर्चुअल पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी, राज्यमंत्री रामेश्वर तेली और हमीरपुर-महोबा सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल भी जुड़े।
योगी आदित्यनाथ ने गरीबों के लिए उज्ज्वला 2.0 का शुभारंभ करने पर प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के 1.5 करोड़ लोगों को योजना का लाभ मिल चुका है। 29 लाख महिलाओं को पेंशन मिल रही है। यह भी बताया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे 70 फीसदी तक बन चुका है। नवंबर तक यह तैयार हो जाएगा। डिफेंस कॉरिडोर के क्षेत्र में झांसी में तीन हजार एकड़ और चित्रकूट में 150 एकड़ जमीन में निवेश की प्रक्रिया कर इसे एक्सप्रेसवे से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा कानपुर, अलीगढ़, लखनऊ, आगरा में इस क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है। यह भी कहा कि बुंदेलखंड में तालाबों से जल संचयन हो रहा है। ललितपुर और चित्रकूट में एयरपोर्ट की जल्द सौगात मिलेगी।
लोक निर्माण मंत्री चंद्रिका उपाध्याय, प्रभारी मंत्री जीएस धर्मेश, सदर विधायक राकेश गोस्वामी, चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत, पूर्व सांसद गंगा चरण राजपूत, जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर, चेयरमैन दिलाशा सौरभ तिवारी, सहकारी बैंक अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, बीपीसीएल चेयरमैन के पद्माकर, डायरेक्टर रिफाइनरिंग पीएस रवि आदि भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।