महोबा। झांसी मंडल में गुरुवार से 10 मेमू ट्रेनों का संचालन शुरू होने जा रहा है। यह मेमू गाड़ियां कानपुर से झांसी, झांसी से कानपुर, झांसी से मानिकपुर, मानिकपुर से झांसी, झांसी से बांदा ,बांदा से झांसी, झाँसी से ललितपुर, ललितपुर से बीना, बीना से ललितपुर एवं ललितपुर से झाँसी के बीच चलेंगी।
जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि यह ट्रेनें वर्तमान में चल रहीं पैसेंजर ट्रेनों की जगह लेंगी। समय व ठहराव स्टेशनों में परिवर्तन नहीं होगा। इन ट्रेनों में आधुनिक मेमू कोच लगेंगे, जिससे कम दूरी के मुसाफिरों का सफर आरामदायक होगा।
मंडल में अभी दो सौ से तीन सौ किलोमीटर तक के सफर व हर छोटे- बड़े स्टेशन पर रुकने के लिए अनारक्षित पैसेंजर ट्रेनों का संचालन होता है। यह पैसेंजर झांसी से कानपुर, प्रयागराज, आगरा व बीना ट्रैक पर दौड़ती हैं। मंडल में अब पैसेंजर की जगह मेमू रैक (ट्रेन) का संचालन शुरू होने जा रहा है। (संवाद)