महोबा। जिले में संक्रामक वायरल और डेंगू से मौतों का सिलसिला जारी है। 24 घंटे के अंदर मासूम समेत तीन लोगों की मौत बुखार से हो गई, छह से अधिक मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हैं। रविवार को अवकाश का दिन होने के बाद भी इमरजेंसी वार्ड में मरीजों भीड़ जुटी रही। उल्टी, दस्त, बुखार व पेट दर्द के मरीजों की क्लीनिकों में भी भरमार है।
जिले में वायरल बुखार के साथ निमोनिया बीमारी का कहर बढ़ रहा है। जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ जुट रही है। पर्चा बनवाने से लेकर दवाएं लेने तक मरीजों व तीमारदारों को घंटों बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। पिछले माह जहां प्रतिदिन 500 से 600 मरीज पहुंच रहे थे। वहीं इस समय 800 से 900 मरीजों का पंजीयन हो रहा है। पीड़ितों में सबसे ज्यादा बच्चे हैं।
थाना कबरई के लिलवाही गांव निवासी लोकेंद्र ने एक वर्षीय पुत्र राहुल को बुखार होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी तरह कोतवाली कुलपहाड़ के कमालपुरा निवासी देशरानी (50) व टिकरीपुरा निवासी दशरथ (80) की जिला अस्पताल में बुखार के चलते मौत हो गई।
घटनाओं से परिजन गमगीन हो गए और शवों का पोस्टमार्टम कराए बगैर ही घर ले गए। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरपी मिश्रा ने बताया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों का उपचार प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।