महोबा। भाजपा कार्यालय में जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री राम किशोर साहू ने बताया कि राष्ट्रीय नीति के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा बुंदेलखंड में 16 अगस्त से जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जाएगी।
जिसका शुभारंभ ललितपुर से केंद्रीय मंत्री भानू प्रताप वर्मा करेंगे। यात्रा 17 अगस्त की शाम महोबा जिले में प्रवेश करेंगी। 18 अगस्त को सिद्धपीठ मां बड़ी चंद्रिका के दर्शन के बाद शहर के विभिन्न मार्गों से यात्रा गुजरेगी। उन्होंने जिले के सभी पदाधिकारी, नगर मंडल पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। जिले में जनसंघ के समय से कार्य करने वाले पार्टीजनों के घरों पर जाकर उनसे व उनके परिजनों से विशेष भेंट की जाएगी। जिससे सर्व समाज की भागीदारी सुनिश्चित होगी। बैठक में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. कमलेश सक्सेना, दीपक गुरुदेव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।