महोबा। सपा छात्र सभा के पदाधिकारियों ने सोमवार को शुल्क माफी व छात्रवृत्ति बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। मांगें पूरी न होने पर प्रदेश में आंदोलन की चेतावनी दी है।
सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष लवकेश राजपूत व प्रदेश सचिव कैलाश कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आल्हा चौक पहुंच प्रदर्शन किया। बाद में तहसील पहुंचकर एसडीएम मोहम्मद अवेश को ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया कि सरकार ने कोरोना संक्रमण काल में जीरो फीस की सुविधा समाप्त कर दलित व कमजोर वर्ग के छात्रों के अधिकारों पर कुठाराघात किया है।
वहीं पिछड़े व गरीब सामान्य वर्ग के छात्रों की छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति रोके जाने के चलते छात्रों को पढ़ाई जारी रखना मुश्किल हो रहा है। कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते कई छात्र पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हैं। इस मौके पर पवन वर्मा, अवधेश कुमार, आकाश राजपूत, विवेक यादव, अनिल सम्राट, दिलीप राजपूत समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।