कोतवाली में विरोध जतातीं गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय कमांडर।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। पत्नी को मारपीट कर घर से निकालने के मामले में कार्रवाई न होने पर सोमवार को गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय कमांडर संपत पाल महिलाओं के साथ कोतवाली पहुंचीं। इस दौरान महिलाओं ने प्रदर्शन कर चेतावनी दी कि यदि पीड़िता को शीघ्र न्याय न मिला तो गुलाबी गैंग की महिलाएं सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगी।
हमीरपुर के करहिया गांव निवासी श्रीपाल वर्मा ने अपनी पुत्री लक्ष्मी की शादी शहर के भटीपुरा निवासी जीतेंद्र कुमार के साथ वर्ष 2007 में की थी। शादी के बाद से दहेज की मांग को लेकर लक्ष्मी को प्रताड़ित किया जाने लगा। एक माह पहले महिला को ससुरालीजनों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसकी शिकायत पुलिस से की गई। हमीरपुर के थाने में भी शिकायत करने पर न्याय नहीं मिला। सोमवार को गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय कमांडर संपतपाल महिलाओं के साथ शहर कोतवाली पहुंच गईं। पूरी घटना बताते हुुए कार्रवाई की मांग की। राष्ट्रीय कमांडर ने कहा कि विवाहिता की मदद के लिए आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। यदि न्याय नहीं मिला तो सैकड़ों की संख्या में महिलाएं सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगी।