महोबा। शहर के आल्हा चौक के समीप स्थित सराफा की दुकान का रोशनदान काटकर चोरों ने 23 लाख रुपये कीमत के जेवर व नकदी चोरी कर ली। घटना से गुस्साए व्यापारियों ने सड़क पर जाम लगा चोरी का खुलासा किए जाने की मांग की। सीओ से समझाने पर व्यापारियों ने जाम खोला।
शहर के मलकपुरा निवासी लक्ष्मीनारायण आल्हा चौक के समीप अलंकार ज्वैलर्स के नाम से दुकान हैं। रविवार की देर शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में चोर पड़ोसी की दीवार से ऊपर चढ़े और रोशनदान काटकर अंदर घुस गए। चोरों ने सबसे पहले सीसीटीवी की केबल काट दी। इसके बाद गोलक में रखी नकदी व सोनेे चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। सुबह दुकान खोलने पर उन्हें जानकारी हुई।
पुलिस की लापरवाही के चलते घटना होने का आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने सड़क पर अड़े-तिरछे वाहन खड़े कर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ सिटी रामप्रवेेश राय कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए और व्यापारियों को शांत कराकर जाम खुलवाया। बाद में बारीकी से जांच की। फील्ड मोबाइल यूनिट टीम ने फिंगरप्रिंट व साक्ष्यों को एकत्र किया।
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि चोर 20 किलो चांदी व 200 ग्राम सोने के आभूषण के साथ गोलक में रखी 5,300 रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बंद रहा सराफा बाजार
महोबा। लाखों की चोरी की घटना से सराफा व्यापार यूनियन ने सराफा बाजार बंद रखा। सोमवार को पूरे दिन व्यापारियों ने दुकानें बंद कर विरोध जताया। यूनियन के अध्यक्ष अन्नी सोनी का कहना है कि यदि घटना का शीघ्र खुलासा नहीं हुआ तो व्यापारी आंदोलन को मजबूर होंगे।
अधिकारी बोले
चोरी की सूचना मिली थी। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। वादी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया है। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी के अलावा जो भी सहायक चीजें हो सकती हैं, उनकी सहायता लेते हुए शीघ्र घटना का खुलासा किया जाएगा।
-आरके गौतम, अपर पुलिस अधीक्षक