मेला मैदान में धरना देते सरकारी राशन विक्रेता।
- फोटो : MAHOBA
चरखारी (महोबा)। चार महीने से राशन वितरण का लाभांश (कमीशन), भाड़ा और पल्लेदारी न मिलने से परेशान चरखारी तहसील के राशन विक्रेताओं ने मंगलवार को मेला मैदान पर धरना दिया। इसके बाद जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र भेजा। इसमें समस्या का निस्तारण न होने पर जनवरी के राशन का उठान नहीं करने की चेतावनी दी गई है।
सरकारी राशन विक्रेता संघ के अध्यक्ष शीतल प्रसाद राजपूत के नेतृत्व में नंदराम, रामफल, रामकुमारी, मदनपाल, हरचरण, दयाराम, प्रकाश, बृजनंदन आदि ने धरने पर बैठे। इन विक्रेताओं ने बताया कि राशन का उठान चरखारी के स्थान पर सूपा मंडी से कराया जा रहा है। इससे उठान की लागत तीन गुना बढ़ गई है। चार माह से कमीशन भी नहीं दिया गया है। अब गेहूं-चावल के साथ चना, रिफाइंड व नमक भी बांटा जा रहा है। इसका भाड़ा व पल्लेदारी भी नहीं दी जा रही है। धरने के बाद राशन विक्रेताओं ने जिला पूर्ति अधिकारी राजीव तिवारी को हस्ताक्षर युक्त पत्र भेजा। इसमें बकाया कमीशन देने, कमीशन बढ़ाने ,भाड़ा और पल्लेदारी दिलाने की मांग की गई है।