युवा संवाद कार्यक्रम में बोलते सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत वीरभूमि राजकीय कालेज में हुए कार्यक्रम में पहुंचे सांसद से छात्र-छात्राओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता आदि पर कई सवाल किए। सांसद ने जवाब देने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में कर्तव्य पालन के प्रति प्रेरित किया। छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
एनएसएस के तत्वावधान में स्वच्छ भारत पर आयोजित युवा संवाद का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, सदर विधायक राकेश गोस्वामी, एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशक अशोक श्रोतीय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया।
सांसद ने बताया कि इस महाविद्यालय में वह भी पढ़े हैं। एनएसएस स्वयंसेवकों को देश का भविष्य बताते हुए राष्ट्र निर्माण में कर्तव्य पालन के लिए प्रेरित किया। सदर विधायक ने कहा कि छात्रों के बीच आकर खुद को युवा महसूस करने लगता हूं। छात्रों के बीच रहने में आनंद की अनुभूति होती है। उन्होंने स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं से स्वच्छ भारत मिशन को आगे बढ़ाने की अपील भी की। एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशक ने बताया कि एनएसएस के छात्रों ने 75 लाख टन प्लास्टिक कचरा नष्ट कर स्वच्छता में सहयोग किया है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, सहकारी बैंक के अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, पालिका अध्यक्ष दिलाशा तिवारी, कॉलेज के प्राचार्य सुशील बाबू, नोडल अधिकारी डॉ. संतोष पांडेय, बीयू झांसी के डॉ. मुन्ना तिवारी, डॉ. एलसी अनुरागी, शैलेष तिवारी आदि मौजूद रहे।