महोबा। एक दिन की ड्यूटी में लिपिक 10 दिन की हाजिरी लगा रहा है। यह खुलासा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. हरिचरन द्वारा विकास खंड चरखारी स्थित भूमि संरक्षण कार्यालय, के निरीक्षण के दौरान हुआ। इस दौरान भूमि संरक्षण अधिकारी अनुपस्थित पाए गए।
कार्यालय में उपस्थित पंजिका देखी तो पाया कि अवर अभियंता दिनेश पाल तीन माह से अनुपस्थित चल रहे हैं। जानकारी करने पर बताया कि वह चिकित्सकीय अवकाश पर हैं। यह भी अवगत कराया गया कि अधिकारी कार्यालय में नहीं आते हैं। लिपिक चन्द्रप्रकाश व शंकर कार्यालय में बहुत कम आते हैं। एक दिन में ही पांच से दस दिन की उपस्थिति लगा देते हैं। इसको लेकर भूमि संरक्षण अधिकारी से वार्ता की गई तो बताया कि उनका वेतन रुका है। यह भी बताया कि लिपिकों द्वारा अपने कार्यों का निर्वहन समुचित तरीके से नहीं किया जा रहा है। इनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
वहीं, बीज गोदाम के प्रभारी अरविंद रजक भी अनुपस्थित मिले। लोगों द्वारा बताया गया कि वह रोजाना 11 बजे आते हैं और शाम चार बजे चले जाते हैं। इसको लेकर सीडीओ ने उप कृषि निदेशक को कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। वहीं, परिसर में खराब पड़े हैंडपंप को अधिशासी अधिकारी को सही कराने के निर्देश दिए।